दीपक म्हस्के और सांसद रूप कुमारी चौधरी को मुख्यमंत्री ने दी बधाई

 






रायपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में इसके तहत छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज़ कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष के दीपक म्हस्के को भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय सोशल मीडिया का संयोजक बनाया गया है। वहीं महासमुंद से सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके इस नए दायित्व पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

दीपक म्हस्के राष्ट्रीय आईटी सेल और सोशल मीडिया प्रमुख होंगे। इससे पहले ये जिम्मेदारी अमित मालवीय के पास थी।दीपक म्हस्के अभी छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष हैं. साथ ही छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के राज्य प्रवक्ता रह चुके हैं।वे छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे नितिन नबीन के साथ काम कर चुके हैं।

वे ही भाजपा के राष्ट्रीय सदस्य के रूप में सोशल मीडिया और पार्टी संचार भूमिकाओं में सक्रिय हैं।साथ ही उन्हें डेटा संग्रह, विश्लेषण और शासन संबंधी भूमिकाओं में रुचि रही है।

भाजपा सांसद रूप कुमारी चौधरी अघरिया समाज से ताल्लुक रखती हैं। ओेबीसी वर्ग से आने वाली चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2005 में जिला पंचायत सदस्य के रूप में की थी। इसके बाद 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बसना सीट से जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा में कदम रखा। लंबे समय तक पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद, इस नई नियुक्ति के जरिए उन्हें केंद्रीय संगठन में महिला सशक्तीकरण की कमान दी गई है।वह एक अनुभवी ज़मीनी नेता हैं, जिन्होंने 2013 में बसना विधानसभा सीट से विधायक के रूप में जीत दर्ज की थी। इसके अतिरिक्त, वह छत्तीसगढ़ भाजपा की उपाध्यक्ष और महासमुंद की जिला अध्यक्ष जैसे कई अहम संगठनात्मक पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुकी हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज़ कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन दीपक म्हस्के को भाजपा का सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी है। सोशल मीडिया पर जारी अपने पोस्ट पर श्री साय ने कहा है कि म्हस्के की संगठनात्मक क्षमता, सक्रिय कार्यशैली और टेक्नोलॉजी का प्रभावी इस्तेमाल, भाजपा की विचारधारा और जन-कल्याणकारी योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुँचाने के अभियान में नई ऊर्जा का संचार करेगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया है कि दीपक के नेतृत्व में संगठन का डिजिटल कम्युनिकेशन और भी प्रभावी और मज़बूत होगा।विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने भी इस नियुक्ति पर दीपक म्हस्के को बधाई दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा