स्कूलों की बदहाली से लेकर सड़कों की हालत तक, दीपक बैज ने सरकार पर साधा निशाना

 


रायपुर, 8 सितंबर (हि. स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर शिक्षा, सड़क और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, शिक्षा सत्र शुरू हुए चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति अब भी खराब है। बच्चों को अपनी मांगों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है।

बैज ने कहा कि, प्रदेश में अब तक दो दर्जन से अधिक स्थानों पर छात्र शाला भवन, किताब-कॉपी और शिक्षकों की कमी को लेकर आंदोलन कर चुके हैं। उन्होंने सरगुजा के शिवपुर स्थित एकलव्य विद्यालय की छात्राओं का उदाहरण देते हुए कहा कि, सोमवार को छात्राएं अपनी मांगों को लेकर करीब 40 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर से मिलने निकलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि, विद्यालय में तीन महीने से बिजली बंद है, मेस में पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिल रहा तथा शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, शिक्षा मंत्री को बच्चों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय उनके आंदोलनों को कांग्रेस द्वारा कराया गया बताया जा रहा है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया।

दीपक बैज ने प्रदेश की सड़कों की स्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, छत्तीसगढ़ में शायद ही कोई ऐसी सड़क बची है, जिस पर लोग आसानी से आवागमन कर सकें। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं और रायपुर से लेकर बस्तर, सरगुजा और जशपुर तक सड़कें बदहाल हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि, ढाई साल के भाजपा शासन में न तो नई सड़कों का पर्याप्त निर्माण हुआ और न ही सड़कों की नियमित मरम्मत कराई गई। बैज ने कहा कि राजधानी रायपुर में सड़कों की बदहाली को उजागर करने वाले एक पत्रकार को जेल भेज दिया गया। छत्तीसगढ़ की बदहाल सड़कें भाजपा सरकार की नाकामी को उजागर कर रही हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि, संगठन सृजन अभियान के तहत ब्लॉक अध्यक्षों और जिला मास्टर ट्रेनरों के संभागीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बस्तर के बाद दुर्ग संभाग का प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है। आगामी चरण में बिलासपुर, सरगुजा और रायपुर संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि, इसके बाद मंडल और बूथ समितियों के प्रशिक्षण का काम किया जाएगा। कांग्रेस वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए मजबूत सांगठनिक ढांचा तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य 2028 में छत्तीसगढ़ में सरकार बनाना और 2029 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाना है।

दीपक बैज ने कांग्रेस के पूर्व प्रभारी सचिन पायलट के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि, उनके मार्गदर्शन में पार्टी ने सवा दो साल तक संगठन को मजबूत किया। संगठन सृजन के माध्यम से जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों से लेकर बूथ और ग्राम समितियों का गठन किया गया।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, महिला अत्याचार, किसानों की समस्याओं और बिजली की बढ़ी कीमतों जैसे मुद्दों पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। बैज ने सचिन पायलट के प्रति आभार जताते हुए कहा कि नए प्रभारी सुखदेव भगत के अनुभव और मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

दिल्ली में पुरानी इमारत गिरने की घटना का जिक्र करते हुए बैज ने सरकार से रायपुर सहित प्रदेश के बड़े शहरों में पुराने भवनों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दिल्ली हादसे में सात बच्चों की मौत हुई है और कई बच्चे मलबे में फंसे हैं।

उन्होंने विशेष रूप से कोचिंग संस्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के भवनों का फायर ऑडिट कराने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर