सेप्टिक टैंक में मिला था महिला का सड़ा-गला शव, फरार पति अंबिकापुर से गिरफ्तार
कोरबा, 29 सितम्बर (हि. स.)। श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरपाली में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे उसके पति को आज अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। मृतका संतोषी उरांव (35वर्ष ) का सड़ा-गला शव उसके ही घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया था।
शव मिलने के बाद से ही पुलिस आरोपित पति मनोज उरांव की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर श्यांग पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे कोरबा लेकर आई है, जहां उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, महिला का शव उसके घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ था। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और मृतका के पति मनोज उरांव की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को उसके अंबिकापुर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के अवसर पर मायके जाने की बात को लेकर संतोषी उरांव और उसके पति मनोज उरांव के बीच विवाद हुआ था। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान संतोषी के साथ मारपीट की गई थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि महिला की मौत के बाद उसके शव को घर के आंगन में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया गया।
फिलहाल पुलिस आरोपित पति से पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच में महिला की मौत के वास्तविक कारण, घटना के दौरान क्या हुआ और शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूछताछ और जांच के बाद ही मामले में मौत की वजह तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी