नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि पर भाजपा शहर मंडल ने किया उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण
धमतरी, 18 अगस्त (हि.स.)। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि पर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल द्वारा सिहावा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने नेताजी के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नेताजी अमर रहे के नारे लगते रहे।
जिला महामंत्री राकेश साहू ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत के स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उनके अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने देशवासियों में स्वतंत्रता की भावना को प्रबल किया। उनका जीवन युवाओं को राष्ट्रहित में समर्पण और संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने आजाद हिंद फौज का गठन कर अंग्रेजी शासन के विरुद्ध स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। कार्यक्रम में राकेश साहू, कवीन्द्र जैन, पवन गजपाल, दीपेन्द्र साहू, राजीव चंद्राकर, प्रियंका सिन्हा, अशोक सिन्हा, जय हिंदुजा, खूबलाल ध्रुव, राजीव सिन्हा, भागवत यादव, राघवेन्द्र साहू, आमना सोना, आशा लोधी, नन्दू लोधी, विशाल त्रिवेदी, नीतू त्रिवेदी, परमेश्वर यादव एवं प्रशुम तिवारी सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभापति कौशल्या देवांगन सहित जनप्रतिनिधियों ने नेताजी को किया नमन
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुण्यतिथि के अवसर पर नगर निगम धमतरी की सभापति कौशल्या देवांगन सहित पार्षदों एवं एल्डरमैन ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जनप्रतिनिधियों ने नेताजी के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान को स्मरण किया। सभापति कौशल्या देवांगन ने कहा कि नेताजी का जीवन त्याग, साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया और उनका समर्पण सदैव देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर पार्षद आशा नंदू लोधी, एल्डरमैन अशोक सिन्हा, भागवत यादव, पूर्व पार्षद आमना सोना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा