खेलते-खेलते डबरी में गिरा डेढ़ साल का मासूम, मौत

 


बलरामपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कनकपुर में आज सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्चे की डबरी में डूबने से मौत हो गई। बच्चा घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था और इसी दौरान पानी से भरी डबरी में जा गिरा। घटना के समय घर पर कोई वयस्क मौजूद नहीं था।

मिली जानकारी के अनुसार कनकपुर के गिजनियादामर निवासी अनिल रवि का डेढ़ वर्षीय पुत्र दीपक रवि घर के पास बच्चों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक वहां बनी डबरी में गिर गया। बच्चे के पिता अनिल रवि गुजरात में काम करते हैं, जबकि घटना के समय उसकी मां किसी काम से सोसाइटी गई हुई थी।

कुछ देर बाद दीपक दिखाई नहीं दिया तो उसके दादा रमेश रवि ने आसपास तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित डबरी में बच्चे का शव पानी के ऊपर दिखाई दिया। परिजन तत्काल उसे रामानुजगंज स्थित सौ बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर रामानुजगंज पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय