अर्नब चक्रवात की आशंका को लेकर महासमुंद जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

 


-आवश्यकता पड़ने पर ही घर से निकलें, सुरक्षा को दें प्राथमिकता : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह

महासमुंद, 27 अक्टूबर (हि.स.)। अर्नब चक्रवात की आशंका को देखते हुए महासमुंद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 27 से 29 अक्टूबर तक चक्रवात का प्रभाव पड़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में सभी विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में जनहानि एवं पशुहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम गठित कर तैयार रखने, पुलिस विभाग को सतर्क रहने तथा विद्युत विभाग को संभावित व्यवधानों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ एवं होमगार्ड के जवानों को भी आवश्यकता के अनुसार तैनात रखने और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

आपदा संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और राहत कार्यों के समन्वय के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। आम नागरिक किसी भी आपात स्थिति में 07723-223305 पर संपर्क कर सकते हैं। कलेक्टर ने सभी तहसीलों में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आम नागरिकों तक समय पर आवश्यक जानकारी पहुंचाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर आवश्यक संसाधनों और अमले की उपलब्धता सुनिश्चित करें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल तैयार रखे जाएं।

कलेक्टर लंगेह ने जिलेवासियों से आगामी तीन दिनों तक विशेष सावधानी बरतने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लेने को कहा। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित कंट्रोल रूम को सूचना देने की अपील भी की।

कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि संभावित चक्रवात के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि न हो। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल