साइबर जागृति अभियान के तहत विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी
बीजापुर , 19 अगस्त (हि.स.)। बीजापुर जिले की पुलिस द्वारा शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित “साइबर जागृति अभियान” के तहत आगामी 22 अगस्त 2026 तक लगातार युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।
इसी अभियान के अंतर्गत आज बुधवार काे शहीद वेंकटराव कॉलेज बीजापुर, शासकीय इन्द्रावती महाविद्यालय भोपालपटनम, डीएव्ही मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल भैरमगढ़, स्वामी आत्मानंद स्कूल नैमेड़ एवं हायर सेकण्डरी स्कूल इलमिड़ी में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के तरीके एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। साइबर टीम द्वारा विद्यार्थियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। विद्यार्थियों को समझाइश दी गई कि वे अपना ओटीपी, बैंक खाता संबंधी गोपनीय जानकारी, पासवर्ड, पिन एवं अन्य संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक, संदिग्ध वेबसाइट अथवा एपीके फाइल पर क्लिक या डाउनलोड करने से बचें। साथ ही अनजान नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल एवं साइबर ठगों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई।
साइबर टीम द्वारा बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध अथवा ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाता है, तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की राशि को होल्ड कराने एवं आवश्यक कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों द्वारा क्यूआर कोड स्कैन कर साइबर जागृति अभियान से जुड़ाव दर्ज कराया गया। विद्यार्थियों से आग्रह किया गया कि वे अपने माता-पिता एवं परिजनों को भी अभियान से जोड़ें तथा उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक करें। विद्यार्थियों को समझाया गया कि उनकी जागरूकता केवल स्वयं तक सीमित न रहे, बल्कि परिवार एवं समाज तक पहुंचे, ताकि साइबर अपराधों की रोकथाम में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
बीजापुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के समस्त थानों एवं राजपत्रित अधिकारियों के माध्यम से साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजनों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे