साइबर जागृति अभियान का हुआ समापन, 151 गुम मोबाइल सौंपे गए वास्तविक धारकों काे

 


जगदलपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बस्तर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में 15 अगस्त से चलाए गए “साइबर जागृति अभियान” का आज साेमवार काे समापन किया गया। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा।

अभियान के दौरान बस्तर पुलिस की टीमों ने स्कूल, कॉलेज, संस्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं ग्राम चौपालों तक पहुंचकर व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान लगभग 02 लाख 29 हजार नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

साइबर जागृति अभियान के दौरान बस्तर पुलिस के साइबर विभाग द्वारा “Project Reconnect” की पहल की गई। इसके माध्यम से तकनीकी संसाधनों और साइबर पुलिस की सतत कार्रवाई से गुम हुए लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के 151 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं सिटी एसपी सुमित कुमार धोत्रे द्वारा लाभार्थियों को मोबाइल फोन सुपुर्द किए गए।

मोबाइल फोन वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला। यह पहल केवल खोई हुई संपत्ति की वापसी नहीं, बल्कि नागरिकों और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रहा।

समापन कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं मोबाइल प्राप्तकर्ताओं को “साइबर सुरक्षा संकल्प” दिलाया गया। नागरिकों को ओटीपी, पिन, सीव्हीव्ही, यूपीआई पिन एवं अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध एपीके अथवा एप डाउनलोड करने से बचने तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। तथा स्वयं के साथ अपने परिवार और आस-पास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

बस्तर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि साइबर जागृति अभियान का समापन केवल एक अभियान का समापन है, साइबर जागरूकता का नहीं। साइबर अपराधी लगातार नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए सतर्कता और जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे