अम्बिकापुर : सेंट जेवियर स्कूल में पुलिस का साइबर जागृति अभियान, एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को मिले सुरक्षा के गुर

 








अम्बिकापुर, 10 सितंबर (हि.स.)। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर खतरों के बीच बच्चों और युवाओं को सुरक्षित रखने के लिए सरगुजा पुलिस ने एक और सराहनीय कदम उठाया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में जिलेभर में व्यापक साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज गुरुवार को अम्बिकापुर के सेंट जेवियर हायर सेकेंडरी स्कूल (हिंदी एवं इंग्लिश मीडियम) में एक विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

इस विशेष आयोजन का मुख्य केंद्र बालिकाओं की सुरक्षा और उनकी डिजिटल सहभागिता को सुरक्षित बनाना था। कार्यक्रम की शुरुआत में स्कूल के प्राचार्य फादर माइकल तिर्की, 'नवा बिहान' संस्था के प्रतिनिधि मंगल पांडे, अजय तिवारी और संतोष दास का स्वागत किया गया। इसके बाद पुलिस विभाग के विशेषज्ञों ने मोर्चा संभाला। उप निरीक्षक अभय तिवारी और साइबर सेल के अनुज जायसवाल व अमन पुरी ने विद्यार्थियों को आज के दौर में तेजी से फैल रहे साइबर अपराधों और उनसे बचने के अचूक उपायों के बारे में विस्तार से समझाया।

विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया फ्रॉड, हनीट्रैप, साइबर बुलिंग, स्टॉकिंग और ओटीपी से जुड़े बैंक फ्रॉड के प्रति आगाह किया। उन्होंने समझाया कि कैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक या व्हाट्सएप पर अनजान लोगों से दोस्ती भारी पड़ सकती है। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस दौर में डीपफेक तकनीक के जरिए तस्वीरों और आवाजों के दुरुपयोग से बचने के लिए निजी तस्वीरें सार्वजनिक न करने की कड़ी हिदायत दी गई। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया अकाउंट्स पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का इस्तेमाल करने और किसी भी संदिग्ध लिंक या अनजान ऐप से दूर रहने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस टीम ने बच्चों को जागरूक किया कि यदि कोई भी साइबर ठगी या अपराध का शिकार होता है, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। तुरंत केंद्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस प्रशासन का यह अभियान केवल स्कूलों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जिले के सभी थाना और चौकियों के माध्यम से प्रतिदिन महिलाओं, छात्राओं और स्वच्छता दीदियों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है ताकि हर नागरिक डिजिटल रूप से सुरक्षित रह सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह