रायपुर : गुढ़ियारी पुलिस ने साइबर ठगी से बचाव के लिए बैंक ग्राहकों को किया जागरूक

 


रायपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के द्वितीय सप्ताह के तहत वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई फ्रॉड से बचाव के लिए बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गुढ़ियारी पुलिस ने गुरुवार को पड़ाव गुढ़ियारी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बैंक ग्राहकों एवं स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बैंक में मौजूद करीब 30 ग्राहकों एवं कर्मचारियों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। पुलिस ने विशेष रूप से यूपीआई फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, ओटीपी एवं एटीएम डेबिट-क्रेडिट कार्ड फ्रॉड, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, केवाईसी अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक व मैसेज, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट तथा ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने के उपाय बताए।

पुलिस ने नागरिकों को समझाइश दी कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, सीवीवी, एटीएम या डेबिट-क्रेडिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी अथवा यूपीआई पिन साझा न करें। बैंक या किसी सरकारी संस्था के नाम पर आने वाले संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज और लिंक की सत्यता जांचे बिना उन पर भरोसा नहीं करने की सलाह दी गई। अनजान लिंक पर क्लिक करने, अज्ञात एप्लीकेशन डाउनलोड करने तथा किसी के कहने पर स्क्रीन शेयर या रिमोट एक्सेस देने से भी बचने को कहा गया।

पुलिस ने बताया कि, साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन करते समय विशेष सतर्कता जरूरी है। नागरिकों को यह भी बताया गया कि यूपीआई के माध्यम से पैसा प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन डालने की आवश्यकता नहीं होती। इस तरह के मामलों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।

कार्यक्रम में लोगों से स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने के साथ अपने परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई। साथ ही रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज को फॉलो करने तथा साइबर जागरूकता अभियान से संबंधित QR कोड स्कैन कर सेल्फी के माध्यम से अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

थाना गुढ़ियारी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी गई राशि को रोकने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है। सतर्क रहें, जागरूक रहें और दूसरों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर