साइबर जागृति अभियान: कोतरा रोड पुलिस ने कोटवारों को दी साइबर ठगी से बचाव की जानकारी
रायगढ़ , 27 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशवासियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 23 से 29 अगस्त तक द्वितीय सप्ताह में वित्तीय धोखाधड़ी एवं यूपीआई सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह द्वारा थाना क्षेत्र के ग्राम कोटवारों को थाना आहूत कर साइबर अपराध एवं उससे बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस ने कोटवारों को गांव-गांव तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने की अपील की, ताकि ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रखा जा सके।
थाना प्रभारी द्वारा ग्राम कोटवारों को समझाइश दी गई कि वित्तीय लेनदेन करते समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें।
थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह ने कोटवारों से कहा कि वे गांवों में पुलिस और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हुए साइबर ठगी से बचाव का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। समय रहते सावधानी बरतना ही साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान