जांजगीर-चांपा में सड़क हादसे के बाद सीएसपी ने पेश की मानवता की मिसाल, सरकारी वाहन से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
जांजगीर-चांपा, 27 जून (हि. स.)। जिले के जांजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उदयबंद स्थित नव दुर्गा राइस मिल के पास नेशनल हाईवे पर शनिवार शाम हुए सड़क हादसे के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) योगिताबाली खापर्डे स्वयं मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को तत्काल सरकारी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाकर उनका उपचार शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 27 जून की शाम करीब 6 बजे जांजगीर थाना क्षेत्र के ग्राम उदयबंद स्थित नव दुर्गा राइस मिल के सामने नेशनल हाईवे पर सड़क दुर्घटना हो गई। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सीएसपी योगिताबाली खापर्डे को मिली। उस समय वे सारागांव थाना पुलिस टीम के साथ वाहन चेकिंग अभियान में मौजूद थीं।
सूचना मिलते ही सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने वाहन चेकिंग अभियान को तत्काल रोकते हुए सारागांव पुलिस टीम के साथ दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि तीन लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े थे और उनकी हालत बेहद नाजुक थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी ने बिना किसी देरी के मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने स्वयं घायलों को सरकारी वाहन में बैठाया और उन्हें तत्काल जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर उपचार मिल सका।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। सीएसपी योगिताबाली खापर्डे की तत्परता और संवेदनशील व्यवहार की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT