सीआरपीएफ जवानों ने घायल बालिका काे जिला अस्पताल पहुंचाया
बीजापुर, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने सुरक्षा ड्यूटी के साथ अपनी मानवीय संवेदनशीलता और जनसेवा की मिसाल पेश की है। ग्राम अंड्री, थाना गंगालूर क्षेत्र की 04 वर्षीय बालिका खेलते समय गंभीर रूप से घायल हो गई थी और अत्यधिक रक्तश्राव के कारण उसे तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता थी। आज रविवार काे घटना की सूचना मिलते ही 199 बटालियन के कमाण्डेंट आनंद कुमार एवं 85 बटालियन के कमाण्डेंट सुनील कुमार राही के निर्देश पर सीआरपीएफ जवानों ने बिना समय गंवाए राहत एवं उपचार की प्रक्रिया शुरू की। बालिका को सबसे पहले एफ/199 बटालियन के कुप्पागुड़ा कैम्प लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
अत्यधिक रक्तश्राव को देखते हुए उसे तत्काल माेटरसाइकिल एम्बुलेंस से एफओबी पिडिया पहुंचाया गया। वहां उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद वायपी/199 बटालियन के जवानों ने बालिका को बाइक एम्बुलेंस के माध्यम से 85 बटालियन सीआरपीएफ के मुतवंडी कैम्प तक पहुंचाया। मुतवंडी से 85 बटालियन की एम्बुलेंस द्वारा घायल बालिका को जिला अस्पताल बीजापुर पहुंचाकर भर्ती कराया गया। समय पर मिले उपचार और जवानों के समन्वित प्रयासों के बाद वर्तमान में बालिका की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। दुर्गम और संवेदनशील इलाकों में जहां आपातकालीन चिकित्सा सुविधा तक पहुँचना चुनौतीपूर्ण होता है, वहां सीआरपीएफ जवानों की यह पहल स्थानीय ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई। सुरक्षा दायित्वों के साथ-साथ जरूरतमंद ग्रामीणों की सहायता के लिए जवानों द्वारा उठाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे