केरिपुबल ने मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ ली
बीजापुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को 170वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, बीजापुर में राष्ट्रीय एकता दिवस देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम बी.एस. नेगी, उपमहानिरीक्षक, रेंज (परिचालन) बीजापुर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। 170वीं वाहिनी मुख्यालय परिसर में उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने की शपथ ली। साथ ही देशवासियों के बीच एकता और राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 08 बजे रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) के साथ हुआ। यह दौड़ 229वीं वाहिनी मुख्यालय, बीजापुर से प्रारंभ होकर 170वीं वाहिनी मुख्यालय, बीजापुर तक आयोजित की गई। इसमें बीजापुर रेंज की 22, 85, 153, 168, 170, 196, 214, 222 एवं 229वीं वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। एकता दौड़ के माध्यम से जवानों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बीजापुर रेंज के अंतर्गत आने वाली 22, 85, 153, 168, 170, 196, 214 एवं 229वीं वाहिनी के कमांडेंट विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवानों की सहभागिता रही। राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन ने सभी के मन में राष्ट्रप्रेम, आपसी सद्भाव और देश की एकता एवं अखंडता के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की भावना को और अधिक मजबूत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे