सीआरपीएफ की 241वीं बस्तरिया वाहिनी ने निकाली तिरंगा बाईक रैली

 


जगदलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 241वीं बस्तरिया वाहिनी सेड़वा द्वारा गुरुवार को बाईक तिरंगा रैली आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य आमजनों के बीच देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाना था।

तिरंगा मार्च की शुरुआत वाहिनी के कमान्डेंट हरविंदर सिंह द्वारा की गई, जिसमें द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार, उप कमान्डेंट निरंजन कुमार निराला, उप कमान्डेंट प्रमोद कुमार मीणा सहित वाहिनी के तमाम अधिकारी और लगभग 100 जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राष्ट्रीय ध्वज के साथ यह तिरंगा मार्च 241वीं वाहिनी के मुख्यालय सेड़वा से प्रारंभ होकर केशवूर और रेलवे क्रॉसिंग से गुजरते हुए सेड़वा गांव तक पहुँचा तथा पुनः मुख्यालय आकर गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ देश की एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश प्रसारित किया। इस दौरान सेड़वा गांव के स्थानीय ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया गया, साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस आयोजन का सबसे आकर्षक और भावुक क्षण वह रहा जब सेड़वा गांव के स्कूल के बच्चों ने बड़ी उत्सुकता और देशभक्ति के भाव के साथ तिरंगा रैली में हिस्सा लिया। सभी की मौजूदगी में बच्चों द्वारा सामूहिक रूप से वंदे मातरम गीत का गायन किया गया। 241वीं वाहिनी सीआरपीएफ का यह निरंतर प्रयास रहा है, कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से सुरक्षा बलों और स्थानीय जनता के बीच विश्वास, सहयोग और आपसी सौहार्द के रिश्ते को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे