पेट्रोल-डीजल की किल्लत से पंपों पर उमड़ी भीड़

 


धमतरी, 15 मई (हि.स.)। पेट्रोल-डीजल की कमी की खबर फैलते ही कुरुद और भखारा क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुक्रवार सुबह से ही छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें पंपों पर देखने को मिलीं। लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कई वाहन चालक जरकीन और डिब्बे लेकर भी पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे।

जानकारी के अनुसार पिछले दो दिनों से जिले के कई पेट्रोल पंपों में ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हुई है। कुरूद और आसपास संचालित दर्जनभर से अधिक पंपों में से कई की टंकियां पहले ही खाली हो चुकी हैं। कुछ पंपों पर पेट्रोल-डीजल नहीं है की तख्ती लटका दी गई है, जिससे वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है। इसी तरह भखारा क्षेत्र के कई पंपों में भी स्टॉक खत्म होने की स्थिति बनी हुई है। दोपहर से ही पंपों पर भीड़ बढ़नी शुरू हो गई थी, जो देर रात तक जारी रही। शुक्रवार को भी मोटरसाइकिल, कार, ट्रैक्टर, ट्रक, मेटाडोर और पिकअप वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थिति ऐसी रही कि कई लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।

इस दौरान वाहन मालिकों और चालकों के बीच ईंधन संकट को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कोई इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहा था, तो कुछ लोग इसे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और खाड़ी क्षेत्र में चल रहे तनाव का असर बता रहे थे। इधर जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में होने का दावा किया है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा है कि जिले के पेट्रोल पंपों में पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है तथा जिन पंपों में कमी की स्थिति बनी है वहां आयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक रूप से ईंधन का संग्रहण नहीं करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा