सीआरपीएफ व जिला पुलिस बल के जवानों के मध्य खेला गया मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच

 


बीजापुर, 06 सितंबर (हि.स.)। जिले के 85 वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय परिसर में खेल भावना, आपसी समन्वय और विश्वास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज रविवार काे सीआरपीएफ 85वीं बटालियन और बीजापुर जिला पुलिस बल के जवानाें के मध्य मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। बीजापुर के एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए आयोजन में दोनों बलों के अधिकारियों एवं जवानों ने हिस्सा लिया।

अधिकारियों और जवानों ने मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया,मैत्रीपूर्ण मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मैदान पर प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ दोनों सुरक्षा बलों के बीच सौहार्द और भाईचारे की भावना भी देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार, मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच के माध्यम से दोनों सुरक्षाबलों ने खेल भावना के साथ-साथ आपसी समन्वय और सौहार्द का भी संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथ बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल को अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए उन्हाेने कहा कि इस तरह के आयोजन जवानों को मानसिक तनाव से राहत देने के साथ-साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। साथ ही, ऐसे आयोजन सीआरपीएफ और जिला पुलिस के बीच मैदानी स्तर पर आपसी तालमेल, विश्वास और सहयोग को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर 85वीं बटालियन के पवन कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी, ज्योति प्रकाश शर्मा, उप कमांडेंट, सहित अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे