बलरामपुर : अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
बलरामपुर, 11 अगस्त (हि.स.)।बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भाला में श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने कुछ लोगों पर दाह संस्कार में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और तलवार व भाला दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले में 8 अगस्त को विजयनगर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम भाला निवासी राजेंद्र प्रजापति की 6 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे मृत्यु हुई थी। अगले दिन 7 अगस्त को करीब 140 ग्रामीण शव को नदी किनारे उस स्थान पर अंतिम संस्कार के लिए ले गए, जहां ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब 10 वर्षों से दाह संस्कार किया जाता रहा है।
शिकायत में बताया गया है कि, दाह संस्कार के बाद शाम को करीब 10 लोग नदी किनारे अस्थियां लेने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम चुमरा निवासी कलीम खान और मझर खान तथा ग्राम भाला निवासी मोहन साव पर गाली-गलौज करने और तलवार व भाला दिखाकर धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि धमकी के बाद वहां मौजूद लोग डरकर भाग गए।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बन सकती है और विवाद बढ़ने पर दंगा-फसाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसी को देखते हुए उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि, 8 अगस्त को विजयनगर पुलिस चौकी में आवेदन देकर शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। आवेदन में पुलिस से संबंधित लोगों के खिलाफ जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटे में मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय