लाइवलीहुड कॉलेज अंतागढ़ में इलेक्ट्रिशियन प्रशिक्षण के लिए 18 से 23 अक्टूबर तक काउंसलिंग
कांकेर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिला प्रशासन एवं राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के मार्गदर्शन में लाइवलीहुड कॉलेज अंतागढ़ में बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन (घरेलू वायरिंग) ट्रेड में निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है। इसके लिए 18 से 23 अक्टूबर तक प्रवेश काउंसलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन आयोजित किया जाएगा।
लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य ने शनिवार काे जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 5 बजे तक लाइवलीहुड कॉलेज परिसर अंतागढ़ में उपस्थित होकर आवेदन एवं दस्तावेज जमा कर सकते हैं। प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम 8वीं अथवा 10वीं उत्तीर्ण तथा 18 से 45 वर्ष आयु के युवक-युवतियां पात्र होंगे। प्रशिक्षण पूर्णतः निशुल्क एवं आवासीय होगा।
प्रशिक्षणार्थियों को रहने और भोजन की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के बाद अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र के साथ निजी क्षेत्र में रोजगार (प्लेसमेंट) तथा स्वरोजगार स्थापना के लिए शासकीय ऋण संबंधी मार्गदर्शन एवं सहायता भी प्रदान की जाएगी। आवश्यक दस्तावेज- काउंसलिंग के समय अभ्यर्थियों को शैक्षणिक अंकसूची (8वीं/10वीं), आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र अथवा राशन कार्ड, आरक्षित वर्ग के लिए जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा तीन नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो प्रस्तुत करने होंगे। सभी दस्तावेजों की मूल प्रति के साथ प्रत्येक की दो-दो स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लाना अनिवार्य है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे