प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का हो रहा सर्वांगीण विकास : डॉ. कविता पाटीदार

 


प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के बेमिसाल कार्यकाल और उपलब्धियों पर केन्द्रित कार्यक्रमों की श्रृंखला 17 सितम्बर से

रायपुर 28 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार के शुक्रवार काे रायपुर प्रवास के दौरान स्वामी विवेकानंद विमानतल पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं 'सेवा संकल्प अभियान' के प्रदेश संयोजक यशवंत जैन, भाजपा प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल, सत्कार विभाग प्रदेश संयोजक आकाश विग, सह संयोजक पुष्पेंद्र सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कृतिका जैन, महिला मोर्चा जिला महामंत्री माया शर्मा, सहित पार्टी के सभी मोर्चों के प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार ने इस मौके पर मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेमिसाल सार्वजनिक व प्रशासनिक कार्यकाल और उनकी उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस एक माह के अभियान के दौरान केंद्र सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों, योजनाओं और ऐतिहासिक उपलब्धियों को घर-घर और जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। डॉ. पाटीदार ने केंद्र सरकार के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। इन्हीं दूरगामी प्रयासों और ठोस नीतियों का परिणाम है कि आज बस्तर नक्सल समस्या से मुक्त होकर शांति और विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। राज्य अब दोगुनी गति से 'विकसित छत्तीसगढ़' के संकल्प की ओर अग्रसर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल