काेरबा : किसान से पैसे लेते पकड़ा गया पटवारी निलंबित

 


कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राजस्व विभाग एक बार फिर विवादों में घिर गया है। किसान से रिश्वत लेते हुए पटवारी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पटवारी को निलंबित कर दिया है।जानकारी के अनुसार, पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पसान तहसील अंतर्गत पिपरिया हल्के में पदस्थ पटवारी विनोद अग्रवाल पर जमीन संबंधी कार्यों के बदले किसान से रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि किसान की जमीन का वन पट्टा ऑनलाइन करने के लिए 5 हजार रुपये तथा फौती नामांतरण के लिए 10 हजार रुपये की मांग की गई थी।आरोप है कि लंबे समय से कार्यालय के चक्कर काट रहे किसान ने बार-बार पैसे की मांग से परेशान होकर रिश्वत देते समय वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में पटवारी को टेबल के नीचे नोट गिनते हुए देखा गया, जिसके बाद मामला सोशल मीडिया में तेजी से फैल गया।मामले को गंभीरता से लेते हुए पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आज शुक्रवार काे पटवारी विनोद अग्रवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।इस घटना के बाद राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे-छोटे कामों के लिए किसानों और आम लोगों से अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आती रहती हैं, लेकिन कार्रवाई कम ही देखने को मिलती है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी