स्वच्छता पर निगम का सख्त एक्शन: 33 लोगों से वसूला 24,600 रुपये जुर्माना
धमतरी, 23 मई (हि.स.)। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम धमतरी ने अभियान चलाते हुए गंदगी फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख इलाकों में विशेष स्वच्छता जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 33 लोगों पर कार्रवाई करते हुए कुल 24 हजार 600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। निगम की इस सख्ती से शहर में हड़कंप की स्थिति रही।
यह अभियान आंबेडकर चौक से श्यामतराई मंडी तक, सिहावा चौक से नहर नाका तक तथा बस स्टैंड से अर्जुनी मार्ग तक चलाया गया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, नालियों में अपशिष्ट डालने, सड़क किनारे गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई की गई। प्रभारी स्वच्छता अधिकारी शशांक मिश्रा की अगुवाई में निगम की टीम सुबह से ही विभिन्न वार्डों और बाजार क्षेत्रों में सक्रिय रही। अभियान के दौरान दुकानदारों और आम नागरिकों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा कचरे का निर्धारित स्थान पर ही निपटान करने की समझाइश भी दी गई। निरीक्षण के दौरान कई लोग खुले में कचरा फेंकते हुए पकड़े गए, जिन पर तत्काल जुर्माना लगाया गया।
शशांक मिश्रा ने बताया कि, निगम लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है, बावजूद इसके कुछ लोग नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर तत्काल जुर्माना लगाया जा रहा है और निगम की टीम प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी निगम प्रशासन लगातार कार्रवाई करता रहा है।कार्रवाई में निगम टीम के सुपरवाइजर धनेश सिन्हा, श्यामू सोना, गोविंद पात्रे, मुकेश साहू, सुरेंद्र सिन्हा, यशवंत पटेल, मुन्ना लाल, गिरवर सिन्हा, कुश नायक, बंशी और दीप सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा आठ मई को 23 लोगों पर कार्रवाई करते हुए 21 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। वहीं एक दिन पहले 17 लोगों से 27 हजार 500 रुपये वसूले गए थे। इसी माह छह मई को नौ लोगों पर कार्रवाई कर 28 हजार 800 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। उसी दिन गंदगी फैलाने पर दो डेयरियों को सील भी किया गया था।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई:प्रिया गोयल
आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कुछ लोग अपनी आदतों में सुधार नहीं कर रहे हैं, इसलिए अब सख्त कार्रवाई जरूरी हो गई है। शहर की स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन जनसहयोग के बिना स्वच्छ शहर की कल्पना संभव नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा