29 जून से छह जुलाई तक प्रदेश भर में मनाया जाएगा सहकारिता सप्ताह : केदार कश्यप

 


जगदलपुर, 27 जून (हि.स.)। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर सर्किट हाउस में आज शनिवार काे आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक पूरे देश में सहकारिता सप्ताह मनाया जाएगा। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ में भी सहकारिता के माध्यम से किसानों की समृद्धि, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सहकारी सप्ताह के समापन अवसर पर 6 जुलाई को भारत सरकार के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री द्वारा विश्व की सबसे बड़ी विकेंद्रीकृत अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की 9 पैक्स समितियों में गोदाम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण भंडारण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि सहकारिता सप्ताह को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे जनभागीदारी आधारित अभियान का स्वरूप दिया जाएगा। राज्य के प्रत्येक जिले, विकासखंड एवं सहकारी समिति स्तर तक कार्यक्रम आयोजित कर किसानों, युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, लघु वनोपज संग्राहकों, बुनकरों तथा ग्रामीण उद्यमियों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकार से समृद्धि केवल एक नारा नहीं, बल्कि राज्य सरकार की कार्य संस्कृति का आधार है। सरकार का लक्ष्य है कि सहकारिता का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी सहकारी राज्यों में अपनी पहचान स्थापित करे।

मंंत्री केदार कश्यप ने बताया कि प्रदेश की 2573 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) सहित दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों में सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान, माइक्रो एटीएम एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा रू-पे केसीसी कार्ड वितरण, सहकार दौड़, वृक्षारोपण, मृदा परीक्षण, कृषक संगोष्ठियां, एफपीओ एवं पैक्स की भूमिका पर परिचर्चा सहित अनेक जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 3 एवं 4 जुलाई को रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित कृषि मंडपम ऑडिटोरियम में राज्यस्तरीय सहकारी चिंतन शिविर, सहकार मेला, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस समारोह एवं सहकारी संगोष्ठी आयोजित होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री केदार कश्यप करेंगे। कार्यक्रम में पैक्स, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, दुग्ध, मत्स्य, लघु वनोपज, बुनकर एवं अन्य सहकारी संस्थाओं के साथ नाबार्ड, एनसीडीसी, एनसीसीएफ, नैफेड, सीएससी, इफको, कृभको, राज्य सहकारी संघ सहित अनेक राष्ट्रीय संस्थाएं भाग लेंगी।

मंत्री कश्यप ने कहा कि सहकार मेले में केवल योजनाओं और आंकड़ों का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि सहकारिता से लाभान्वित किसानों, महिला समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों की सफलता की कहानियां, मूल्य संवर्धन, डिजिटल सेवाएं, आधुनिक तकनीक, नवाचार तथा बेहतर विपणन मॉडल भी प्रस्तुत किए जाएंगे, ताकि आम नागरिक सहकारिता की वास्तविक शक्ति और उसके सकारात्मक प्रभाव को समझ सकें। मंत्री कश्यप ने बताया कि सहकारी सप्ताह की तैयारियों को लेकर उन्होंने पूर्व में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेने के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की पैक्स समितियों एवं संभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने सभी सहकारी संस्थाओं से आयोजन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने सहकारिता विभाग द्वारा किसानों, ग्रामीणों एवं सहकारी समितियों को सशक्त बनाने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, डिजिटल पहलुओं और भविष्य की कार्य योजना की भी विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जगदलपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे