बीजापुर के कुम्हार द्वारा बनाए मिट्टी के दीये खरीदकर योगदान दे

 


बीजापुर, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली का पर्व रोशनी और खुशियों का प्रतीक है। इस पर्व पर घर-आंगन को रोशन करने के लिए ग्राम जैतालुर के कुम्हार राजकुमार अपनी पारंपरिक कला के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने इस वर्ष दीपावली के अवसर पर लगभग 20 हजार मिट्टी के दीयों का निर्माण किया है।

राजकुमार कुम्हार का यह प्रयास 'लोकल फॉर वोकल की भावना को साकार करता है। स्थानीय कुम्हार द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये खरीदकर आम नागरिक उनकी मेहनत को सम्मान दे सकते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर सकते हैं। इस दीपावली आइए, स्वदेशी अपनाएं, स्थानीय कारीगरों का उत्साह बढ़ाएं और अपने घरों को मिट्टी के दीयों से रोशन करें। मिट्टी को आकार देकर दीये और विभिन्न प्रकार के उपयोगी बर्तन तैयार करना राजकुमार की पारंपरिक कुम्हारी कला का हिस्सा है। उनके पास मिट्टी के कुकर, कढ़ाई सहित अन्य प्रकार के मिट्टी के बर्तन भी उपलब्ध हैं। उनका यह हुनर न केवल पारंपरिक कला और संस्कृति को जीवंत बनाए हुए है, बल्कि स्थानीयस्तर पर स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा दे रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे