एनएचएम में वित्तीय गड़बड़ी के मामले में तीन कर्मचारियाें की संविदा सेवा समाप्त

 


कोंडागांव, 24 जून (हि.स.)। जिला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत निविदा और खरीद प्रक्रिया में कथित वित्तीय गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक भावना महलवार, जिला लेखा प्रबंधक शीतल कुमार ताम्रकार और जिला प्रशिक्षण समन्वयक दिलीप कुमार मधुकर की संविदा सेवाएं तुरंत समाप्त कर दी गई है।

राज्य कार्यालय ने उक्त तीनों संविदाकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि, उनके द्वारा प्रस्तुत जवाब को संतोषजनक नहीं माना गया। इसके बाद, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मानव संसाधन नीति-2018 की कंडिका 34.3 के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों की संविदा सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार यह मामला विधानसभा में उठने के बाद स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय के वित्त नियंत्रक की अध्यक्षता में एक चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था। इस समिति ने विभिन्न योजनाओं और खरीद प्रक्रियाओं की गहन जांच की और अपनी रिपोर्ट राज्य कार्यालय को सौंपी। जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि तत्कालीन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक , जिला लेखा प्रबंधक और जिला प्रशिक्षण समन्वयक ने नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया।

उन्होंने कई काम बिना नियमों के किए, जिसे गंभीर वित्तीय अनियमितता माना गया है। रिपोर्ट में विशेष रूप से 'श्रृंगार दान (नई पहल किट)' की खरीद और वितरण संबंधी कार्यों में गड़बड़ी पाई गई। संबंधित अधिकारियों द्वारा क्रय प्रक्रिया में नियमों का पूर्ण पालन नहीं किया गया। इसके अतिरिक्त, भंडार शाखा में स्टॉक पंजी के संधारण, अभिलेखों के रख-रखाव और भौतिक सत्यापन में भी गंभीर लापरवाही सामने आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे