छत्तीसगढ़ में आज मनाया जाएगा संविधान दिवस
रायपुर 26 नवंबर (हि.स.)। भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में छत्तीसगढ़ में आज गुरुवार काे ‘संविधान दिवस’ समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। समारोह के अंतर्गत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
आज सुबह 11 बजे जिला, विकासखंड, तहसील और ग्राम स्तर पर शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, नगरीय निकायों एवं अन्य सार्वजनिक संस्थानों व संगठनों में भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन होगा। नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं को MY Govपोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन उद्देशिका वाचन में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। यह सुविधा 22 अनुसूचित भाषाओं और अंग्रेजी सहित कुल 23 भाषाओं में उपलब्ध है।
राज्य शासन के संस्कृति विभाग के सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर कहा है कि जिलों में गतिविधियों के बेहतर समन्वय के लिए जिला स्तर पर एक वरिष्ठ अधिकारी को नोडल अधिकारी नामांकित किया जाए। आयोजित कार्यक्रमों, प्रतिभागियों की संख्या और गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन फोटोग्राफ्स सहित संस्कृति विभाग की ईमेल आईडी email ID:-sanskriti.rajbhasha@ gmail.com पर भेजना सुनिश्चित किया जाएगा। आयोजन से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए संस्कृति विभाग से नोडल अधिकारी युगल तिवारी (मोबाइल 94063-98080) से संपर्क किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल