नकटी गांव में बनने वाले विधायक कॉलोनी सभी विधायकों को नहीं लेना चाहिए : दीपक बैज
रायपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। राजधानी से लगे नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आज बुधवार काे पत्रकाराें से चर्चा कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नकटी गांव में बनने वाले विधायक कॉलोनी सभी विधायकों को नहीं लेना चाहिए। इसके लिए कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। कांग्रेस के साथ भाजपा विधायकों से भी अपील है कि मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अन्य जगह विधायक कॉलोनी बनाने की मांग रखें। वहीं नकटी गांव में कार्रवाई को लेकर मंत्रियों और भाजपा विधायकों ने चुप्पी साध रखी है।
दीपक बैज ने कहा कि नकटी गांव में 30-40 साल से लोग रह रहे थे। 29 जून को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर घरों को तोड़ दिया। इनमें 85 पीएम आवास और इंदिरा आवास को भी तोड़ा गया। ग्रामवासी अपने मकान को बचाने के लिए रोते रहे बिलखते रहे, लेकिन प्रशासन ने उनके घर तोड़ दिए। बैज ने कहा कि विधायक कॉलोनी बनाने के लिए घरों को तोड़ा गया। क्या सरकार के पास जगह की कमी है? इतना बड़ा नया रायपुर है वहां पर्याप्त जगह है वहां बनाते तो गरीबों के घर नहीं टूटते।
दीपक बैज ने सवाल उठाते हुए कहा कि बारिश के पहले गरीब परिवारों को बेघर कर दिया गया। पुनर्वास करने से पहले सरकार ने वहां के लोगों से बातचीत क्यों नहीं की ? एक कमरे का मकान पुनर्वास के नाम पर लोगों को दिया गया है। 25 सदस्य परिवार वाले लोग एक कमरे के घर में कैसे रहेंगे? उन्होंने कहा कि मैने खुद वहां जाकर परिस्थितियों को देखा और वहां के लोगों से बात की। जो घर प्रभावितों को दिए गए हैं उनमें मीटर लगा है, लेकिन वहां पर बिजली, पानी तक नहीं है। जो घर दिए गए हैं उनकी कीमत साढ़े पांच लाख और साढ़े आठ लाख है, इसका भुगतान कौन करेगा ?
बैज ने कहा कि नकटी गांव की कार्रवाई से पूरा प्रदेश सहम गया है, भय का माहौल है। किसी गरीब का घर तोड़कर विधायक और अधिकारियों के लिए घर बनाएंगे तो यह हमें मंजूर नहीं है। कांग्रेस विधायक चातुरी नंद और जनक ध्रुव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है कि किसी गरीब का आवास को तोड़कर हमें अपना आशियाना नहीं चाहिए। हमारे जनप्रतिनिधियों ने पत्र लिखकर एक मिसाल पेश की है। कांग्रेस के बाकी विधायकों से हमने अपील की है। भाजपा के विधायकों से भी हमने अपील की है कि उन्हें ये घर नहीं लेना चाहिए।
दीपक बैज ने कहा कि कार्रवाई में छोटे-छोटे बच्चों की साइकिल, पढ़ाई की किताबें सब तोड़फोड़ में दब गई। भाजपा के विधायक और सांसद ने लोगों को गुमराह किया कि हम आपका आवास नहीं टूटने देंगे। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि जिनका आवास सरकार ने तोड़ा है सरकार को उनसे माफी मांगनी चाहिए और उन्हें मुआवजा देकर उसी जगह पर नया आवास बनाकर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नकटी गांव में कई उद्योगपतियों और चहेतो की जमीन है उन्हें फायदा पहुंचाने के लिए प्रोजेक्ट लाया जा रहा है। बैज ने सरकार से वहां पर पूरी जमीन का सीमांकन करने की मांग भी की है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र में स्थित नवा रायपुर के ग्राम नकटी (सम्मानपुर) में विधायक कालोनी के लिए तोड़े गए घरों को लेकर राजनीति तेज हो गई है। कार्रवाई के दूसरे दिन मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री शिव डहरिया और धनेन्द्र साहू सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नकटी गांव जाकर प्रभावितों से मुलाकात की। इन्होंने आरोप लगाया कि जिन परिवारों को आवास योजनाओं का लाभ मिला, उन्हीं के घर अब तोड़े जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल