सुशासन तिहार कार्यक्रम में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, पेयजल संकट, अवैध रेत परिवहन सहित अन्य मुद्दाें पर जताई नाराजगी

 


रायपुर, 03 जून (हि.स.)। अभनपुर अंतर्गत गोबरा नवापारा नगर में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेसियों और स्थानीय महिलाओं ने नगर के हरिहर स्कूल में बुधवार काे आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में तख्तियां और खाली मटकी लेकर पहुंचीं और पेयजल संकट सहित अन्य समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि नगर में अवैध रेत और अन्य खनिजों का परिवहन धड़ल्ले से जारी है। अवैध शराब बिक्री पर अंकुश नहीं लग पा रही है। गरीब एवं पात्र हितग्राहियों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो रही, लगातार बिजली कटौती से आम जनता परेशान हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेताओं और नागरिकों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पानी की समस्या के विरोध में खाली मटकी आयोजन स्थल पर पटककर फोड़ दी। इससे कुछ देर के लिए माहौल गर्मा गया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार मुर्दाबाद, जनविरोधी नीतियां बंद करो और जनता को मूलभूत सुविधाएं दो जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार सुशासन का दावा कर रही है, लेकिन धरातल पर जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। मौके पर पहुंचे अभनपुर एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगों को सुना और संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल