कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ व 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना की पुनः बहाली हेतुु किया जनांदोलन
जगदलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष के निर्देश पर नगरनार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आज स्मार्ट मीटर लगाए जाने,बिजली बिल बढ़ोत्तरी के खिलाफ एवं 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर आज बुधवार काे व्यापक जनांदोलन किया गया।
नगरनार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया एवं नगरनार ब्लॉक कांग्रेस सह प्रभारी नीतीश शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आम उपभोक्ताओं से संवाद किया और स्मार्ट मीटर के विरोध में आवेदन भरवाए। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं एवं आपत्तियां दर्ज कराते हुए विरोधी आवेदन भरे। कांग्रेस पार्टी के इस अभियान को आम जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई और आर्थिक दबाव से जूझ रही है। ऐसे समय में बिजली व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों और बढ़ते बिजली बिलों ने आम उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से लाखों परिवारों को राहत मिलती थी। भाजपा सरकार को जनहित में इस योजना को पुनः लागू करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी उपभोक्ताओं के हितों की आवाज मजबूती से उठाती रहेगी। स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।
उन्होंने सरकार से मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार किया जाए, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा की जाए तथा 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना को तत्काल पुनः बहाल किया जाए। हमारी मांग जल्द से जल्द पूरी नहीं होगी तो आगामी दिनों में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
नगरनार ब्लॉक कांग्रेस सह प्रभारी नीतीश शर्मा ने महतारी वंदन योजना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गृहणियों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के नाम पर किए गए वादों के अनुरूप उन्हें वास्तविक राहत नहीं मिल रही है। एक ओर महिलाओं को ₹1000 देने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्मार्ट मीटर बिजली बिल बढ़ोत्तरी व अन्य बढ़ते घरेलू खर्च के माध्यम से जनता को लूटने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है। प्रदेश की गृहणियों के साथ भाजपा सरकार सिर्फ छलावा कर रही है, बिजली आम आदमी की मूलभूत आवश्यकता है। सरकार को बिजली के क्षेत्र में ऐसे निर्णय लेने चाहिए जिससे गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार, किसान,छोटे व्यापारी और आम उपभोक्ता प्रभावित न हों। कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
इस दौरान मंड़ल अध्यक्ष दयाराम कश्यप,अमित पांडे,लकी भारती,जागेंद्र जीराम,महादेव मंकी, नीलकंठ गोयल,अनंतराम, ईश्वर नाग,बालक गोयल, अमित नीमसार बघेल, दिलीप भारती,पंकज सोनी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे