कांग्रेस अपनी अंतर्कलह और गुटबाजी को दूसरों पर मढ़ने की कोशिश न करे : भाजपा सांसद संतोष पाण्डेय
रायपुर 22 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस अपनी आपसी कलह और गुटबाजी को दूसरों के सिर मढ़ने की कोशिश कर रही है।
भाजपा सांसद पाण्डेय ने मंगलवार काे कहा कि असम में जो भी घटनाक्रम हुआ, वह कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी का नतीजा है। वीडियो फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि वहाँ कांग्रेस (पंजा छाप) के झण्डे लगे हुए थे और पार्टी कार्यकर्ता ही आपस में उलझ रहे थे। पाण्डेय ने कहा कि बिहार चुनाव के समय भी एयरपोर्ट पर ऐसी ही हाथापाई और झूमाझटकी हुई थी। भूपेश बघेल जहाँ भी जाते हैं, वहाँ बण्टाधार ही होता है। असम में कांग्रेस चुनाव हारने जा रही है, इसलिए अपनी विफलता छिपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी की जा रही है। पाण्डेय ने कहा कि कानून-व्यवस्था पर भूपेश बघेल को बोलने का अधिकार नहीं है। असम में हिमंता बिस्वा सरमा की गुड गवर्नेंस की सरकार है।
भाजपा सांसद पाण्डेय ने प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि भूपेश बघेल के शासन में बीजापुर, सुकमा, दन्तेवाड़ा और नारायणपुर जैसे क्षेत्रों में शाम के समय लोगों का निकलना दूभर था। भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रचारकों को अंदरूनी क्षेत्रों में जाने तक नहीं दिया जाता था। जबकि आज स्थिति यह है कि लोग बस्तर के अंतिम गाँव, मानपुर-मोहला और लछना-कटेमम तक बिना किसी भय के आ-जा सकते हैं।
भाजपा सांसद पाण्डेय ने याद दिलाया कि वर्ष 2017 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैफुद्दीन सोज ने कश्मीर में पत्थरबाजों का बचाव करते हुए कहा था कि उन्हें गुमराह या पत्थरबाज न कहा जाए, वे भावना से जुड़े हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा ऐसे तत्वों के प्रति हमदर्दी दिखाती रही है।
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के आरोपों पर पलटवार करते हुए पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस में ऊपर से नीचे तक घमासान मचा हुआ है। सरगुजा में टी.एस. सिंहदेव और बृहस्पति सिंह के बीच का विवाद पूरा प्रदेश देख चुका है। पाण्डेय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जो कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर चला रही है, उसमें सबसे पहले अपने नेताओं को 'गुटबाजी न करने' का पाठ पढ़ाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल