कांग्रेस का एसएलआरएम सेंटर हटाने की मांग व्यवस्था को बाधित करने का षडयंत्र - महापौर
जगदलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। सिविल लाइन वार्ड में एसएलआरएम सेंटर हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन पर महापौर संजय पाण्डेय ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि एसएलआरएम सेंटर केवल कचरा संग्रहण के स्थान नहीं, बल्कि जगदलपुर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में कार्यरत स्वच्छता दीदियां अपनी मेहनत और समर्पण से शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इस व्यवस्था से उन्हें नियमित रोजगार और आजीविका का साधन मिल रहा है। इस प्रकार एसएलआरएम सेंटर स्वच्छता के साथ-साथ महिला स्वावलंबन और रोजगार सृजन का भी महत्वपूर्ण माध्यम बने हुए हैं। कांग्रेस के नेता सफाई व्यवस्था में सहयोग करने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी और दिखावे में व्यस्त नजर आते हैं। कांग्रेस का एसएलआरएम केंद्रों को हटाने की मांग करना दुर्भाग्यपूर्ण एवं जनहित के विपरीत एवं व्यवस्था को बाधित करने का षडयंत्र है। यदि किसी केंद्र के आस-पास कोई स्थानीय समस्या है तो उसका व्यावहारिक समाधान किया जाना चाहिए, न कि पूरी व्यवस्था को ही समाप्त करने की मांग की जाए।
महापौर ने बताया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा एसएलआरएम केंद्र के व्यवस्थित संचालन, उन्नयन एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के लिए 07 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। नगर निगम का उद्देश्य केवल कचरा उठाना नहीं, बल्कि कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण, प्रबंधन और पुनर्चक्रण सुनिश्चित करते हुए जगदलपुर को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाना है। एक ओर शासन एसएलआरएम केंद्रों को सशक्त बनाने के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस इन्हें हटाने की मांग कर रही है। यह विरोधाभास समझ से परे है। राजनैतिक विरोध के नाम पर जनता को भ्रमित करना और ऐसी व्यवस्था को हटाने की मांग करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नगर निगम सरकार शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी गंभीरता से काम कर रही है। जगदलपुर शहर से प्रतिदिन लगभग 30 टन कचरा निकलता है। इसके व्यवस्थित संग्रहण और परिवहन के लिए सुबह, दोपहर और शाम तीनों समय अलग-अलग वाहनों की व्यवस्था की गई है। घरों और प्रतिष्ठानों से नियमित कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण तथा एसएलआरएम केंद्रों में उसका प्रबंधन सुनिश्चित किया जा रहा है। यदि एक दिन भी यह पूरी व्यवस्था बाधित हो जाए तो शहर की स्वच्छता पर कितना गंभीर प्रभाव पड़ेगा, इसका सहज अनुमान लगाया जा सकता है। शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
नगर निगम सरकार का संकल्प एसएलआरएम केंद्रों को बंद करना नहीं, बल्कि उन्हें और अधिक, स्वच्छ,सशक्त एवं व्यवस्थित बनाकर जगदलपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाना है। शहर की स्वच्छता,स्वच्छता दीदियों का सम्मान, उनका रोजगार हमारी प्राथमिकता है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे