राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, न्यायिक जांच की मांग

 


धमतरी, 14 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में ब्लाक कांग्रेस कमेटी धमतरी शहर मंगलवार को सड़क पर उतरी। घड़ी चौक में प्रदर्शन और पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लाक कांग्रेस कमेटी धमतरी शहर ने मंगलवार को अयोध्या के श्री राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे को लेकर सामने आए कथित वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में घड़ी चौक पर प्रदर्शन किया। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता तख्तियां लेकर मुख्य मार्ग पर उतरे और केंद्र एवं उत्तरप्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की पारदर्शी जांच की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है। चढ़ावे में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप बेहद गंभीर हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में किसी भी तरह की लीपापोती स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई कर वास्तविक जिम्मेदार लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच या किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए। साथ ही यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भगवान श्रीराम किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि देश की आस्था के प्रतीक हैं और श्रद्धालुओं के चढ़ावे का एक-एक रुपये का हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए।

इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, शरद लोहाना, विपिन साहू, अरविंद दोषी, सलीम रोकड़िया, आलोक जाधव, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, पार्षद सुमन मेश्राम, अविनाश मरोठे, आशुतोष खरे, वातांजलि गोस्वामी, गणेश्वरी कामड़े, अजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा