प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन
धमतरी, 10 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता राजीव भवन से रैली निकालते हुए गांधी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई है और इसका उद्देश्य कांग्रेस की छवि धूमिल करना है। पूर्व विधायक कुरुद लेखराम साहू ने कहा कि जांच एजेंसियों का निष्पक्ष रूप से कार्य करना आवश्यक है, लेकिन वर्तमान में उनका इस्तेमाल विपक्षी नेताओं के खिलाफ किया जा रहा है। रामगोपाल अग्रवाल के स्वास्थ्य की अनदेखी करते हुए यह कार्रवाई की गई है।
पूर्व महापौर विजय देवांगन और पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीशू चंद्राकर ने कहा कि जब भी सरकार जनहित के मुद्दों पर घिरती है, तब विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी जाती है। पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी और शरद लोहाना ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने नेताओं के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता से घबराकर इस प्रकार की कार्रवाई की जा रही है। पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार और जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर ने कहा कि यह संघर्ष केवल एक नेता की गिरफ्तारी का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा का है। इस दौरान अरविंद दोषी, योगेश शर्मा और गौतम वाधवानी, सूर्या राव पवार, सलीम रोकड़िया, नरेश जसूजा, आकाश गोलछा, दीपक सोनकर, विशु देवांगन, राजा देवांगन, गीत राम सिन्हा, अविनाश, सुमन मेश्राम, पूर्णिमा रजक सहित कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा