कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक के बीच टक्कर दो गंभीर रूप से घायल

 




रायपुर/दुर्ग, 09 नवंबर (हि.स.)। दुर्ग जिले की खैरागढ़ विधानसभा से कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्ग अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

एसडीओपी धमधा बीएम तिग्गा ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह दुर्घटना दुर्ग जिले के बोरी थाना क्षेत्र के मिलन चौक के पास सोमवार दोपहर बाद हुई। विधायक यशोदा वर्मा की कार (सफेद टाटा सफारी) खैरागढ़ की ओर जा रही थी, तभी लिटिया की तरफ से बोरी आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई।बाइक पर शिव वर्मा (50 वर्ष) और हेमंत पटेल (45 वर्ष) सवार थे। टक्कर में दोनों को गंभीर चोटें आईं।हादसे में विधायक की कार के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और विधायक की क्षतिग्रस्त सफेद सफारी कार को अपने कब्जे में ले लिया है, ताकि उनका तकनीकी मुआयना कराया जा सके। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विधायक बिना पुलिस या 112 को सूचना दिए मौके से चली गईं। पुलिस घटना के घटनाक्रम की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच और घायलों/गवाहों के बयानों के आधार पर हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है। दोनों कहां के रहने वाले हैं, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है।

हादसे के बाद विधायक यशोदा वर्मा अपनी कार को घटनास्थल पर छोड़कर दूसरी बाइक से वहां से रवाना हो गईं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा