तारा कोल ब्लॉक पर कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही : भाजपा
रायपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने तारा कोल ब्लॉक को लेकर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस इस मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रही है और प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता सौरभ सिंह ने शुक्रवार को जारी बयान में दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल के दौरान स्वयं केंद्र सरकार से तारा कोल ब्लॉक को सीएमडीसी को आवंटित करने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि यदि तारा कोल ब्लॉक में खनन पर्यावरण के लिए हानिकारक था, तो कांग्रेस सरकार के समय इस संबंध में पहल क्यों की गई।
सौरभ सिंह ने आरोप लगाया कि हसदेव-अरण्य क्षेत्र में खनन की प्रक्रिया कांग्रेस के नेतृत्व वाली तत्कालीन केंद्र सरकार के कार्यकाल में आगे बढ़ी थी। उन्होंने कहा कि तारा कोल ब्लॉक में अभी खनन की अनुमति नहीं दी गई है और वास्तविक खनन शुरू होने से पहले वन स्वीकृति सहित सभी वैधानिक एवं पर्यावरणीय मंजूरियां प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
भाजपा नेता ने कांग्रेस के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें 10 लाख से अधिक पेड़ काटे जाने की बात कही गई है। उनका दावा है कि परियोजना में इससे कहीं कम संख्या में पेड़ों की कटाई संभावित है और वह भी विभिन्न चरणों में होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है तथा पिछले दो वर्षों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया है।
सौरभ सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग में पारदर्शिता बरतते हुए विकास, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल