कांग्रेस ने 80वां स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज तिरंगे को दी सलामी

 


जगदलपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर आज गोलबाजार चौंक स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष एवं जगदलपुर स्थित राजीव भवन में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर द्वारा गरिमामय कार्यक्रम में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने वरिष्ठ कांग्रेसजनों, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया और उसे सलामी दी।

ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के संदेश का वाचन किया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के संदेश को उपस्थित कांग्रेसजनों तक पहुंचाते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश की लोकतांत्रिक विरासत तथा स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण किया।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए गर्व, सम्मान और आत्ममंथन का अवसर है। देश की आजादी हमें असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से मिली है। आज हम उन सभी वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय मिले। हमारे संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकार प्रदान किए हैं। इसलिए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जैन ने कहा कि आज देश के सामने सामाजिक सद्भाव,भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी है। हमें महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित स्वतंत्रता आंदोलन के सभी महानायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश को मजबूत और समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सपूतों को याद करने और उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी हमें लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं भाईचारे को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी राजकुमार झा,संतोष यादव,उदयनात जेम्स, सुरेंद्र झा, हनुमान द्विवेदी, अंगद त्रिपाठी, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, पूर्व सभापति कविता साहू, जिला उपाध्यक्ष अतिरिक्त शुक्ला, वीरेंद्र परिहार, महामंत्री अभिषेक नायडू, सुभाष गुलाटी, नीतीश शर्मा, सुषमा सुता, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, सेवादल कौशल नागवंशी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, सूर्यापानी, यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा, अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास, व्यापार प्रकोष्ठ राजेंद्र पटवा, ललिता राव, एम वेंकट राव, अपर्णा बाजपेई, बालेश दुबे, लखेश्वर कश्यप, विजेन्द्र ठाकुर, चंद्रभान झाड़ी, मीडिया प्रभारी शादाब अहमद, पार्षद रामकृष्ण तिवारी, अफरोज बेगम, विक्की निषाद, सलीम जाफर अली, मोहसिन खान, माही श्रीवास्तव, कमला भत्तरा आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे