कांग्रेस ने आरडीए कार्यालय का किया घेराव, कंपनी को कीमती भूखंड देने का आरोप

 

रायपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में गुरुवार काे आयोजित पत्रकारवार्ता में रायपुर के ईएनटी विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. राकेश गुप्ता और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आरडीए की नगर विकास योजना में मंत्री के पत्नी की कंपनी को असामान्य लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई है। पार्टी ने पूरे मामले की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) की लाभांडी-कचना-सड्डू नगर विकास योजना में भूखंडों के आवंटन को लेकर कांग्रेस ने आराेप लगाया है। मंत्री केदार कश्यप की पत्नी से जुड़ी कंपनी राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड को कचना की जमीन के बदले सड्डू में कथित तौर पर प्राइम लोकेशन का भूखंड दिए जाने के मामले में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।

कांग्रेस के अनुसार राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड की कचना के नालापारा क्षेत्र में करीब 1.33 एकड़ जमीन है। पार्टी का दावा है कि इस जमीन तक पहुंच संकरी सड़क से होती है, जबकि इसके बदले कंपनी को सड्डू क्षेत्र में प्रस्तावित 150 फीट चौड़ी एमआर-43 सड़क से लगी करीब 23 हजार वर्गफीट जमीन अंतिम भूखंड के तौर पर दी जा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि मूल जमीन और अंतिम भूखंड के बीच दूरी होने के बावजूद इस तरह का आवंटन किस वैधानिक प्रावधान के तहत किया गया। पार्टी ने यह भी सवाल किया कि नगर विकास योजना में कंपनी की जमीन को शामिल करने की आवश्यकता क्यों पड़ी।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सड्डू में प्रस्तावित एमआर-43 के किनारे स्थित भूखंड की लोकेशन बेहद महत्वपूर्ण है और इसकी बाजार कीमत करोड़ों रुपये में हो सकती है। पार्टी ने आरोप लगाया कि अपेक्षाकृत कम मूल्य वाली और सीमित पहुंच वाली कचना की जमीन के बदले अधिक मूल्य वाली जमीन दिए जाने से पूरे आवंटन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं।

यह मामला पहले भी सामने आ चुका है। 28 सितंबर को सामने आए आरोपों में रायपुर के ईएनटी विशेषज्ञ और समाजसेवी डॉ. राकेश गुप्ता ने आरडीए की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड को सड्डू में प्लॉट नंबर 25 दिए जाने का दावा किया था। उनके मुताबिक इसका क्षेत्रफल 2168 वर्गमीटर यानी करीब 23,327 वर्गफीट है।

मामले को लेकर कांग्रेस ने अब सड़क पर भी विरोध शुरू कर दिया है। रायपुर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता आरडीए कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।

प्रदर्शन के दाैरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन, पूर्व सभापति प्रमोद दुबे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर विकास योजना के तहत जमीनों के पुनर्गठन और आवंटन में प्रभाव का इस्तेमाल कर कंपनी को लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई। कांग्रेस ने पूरे मामले की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल