कांग्रेस ने तुमलपाड़ क्रेशर प्लांट के प्रशासनिक अनुमति काे सार्वजनिक करने की मांग
बीजापुर, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले की सीमा से लगे ग्राम तुमलपाड़ में संचालित गिट्टी क्रेशर प्लांट को लेकर कांग्रेस के बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी और सुकमा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी ने आज शुक्रवार काे मौके पर पहुंचकर क्रेशर प्लांट का जायजा लिया और ग्रामीणों से चर्चा की। नेताओं ने प्लांट के संचालन को लेकर प्रशासन से अनुमति और नियमों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने विधायक और कांग्रेस नेताओं को बताया कि तुमलपाड़ में संचालित क्रेशर प्लांट को लेकर ग्राम सभा की अनुमति नहीं ली गई और न ही पंचायत स्तर पर कोई जानकारी दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि दिन-रात मशीनें चलने से धूल प्रदूषण बढ़ रहा है, जंगल क्षेत्र प्रभावित हो रहा है और गिट्टी निकालने के लिए ब्लास्टिंग किए जाने से आस-पास के लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने क्रेशर प्लांट को तत्काल बंद कराने की मांग की।
मौके पर कांग्रेसकेबीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में अवैध उत्खनन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नियम-कानूनों का पालन नहीं किया जा रहा है। विधायक मंडावी ने सवाल उठाते हुए कहा कि तुमलपाड़ में गिट्टी क्रेशर प्लांट किसकी अनुमति से संचालित हो रहा है? क्या आदिवासी क्षेत्रों में बिना ग्राम सभा की अनुमति के क्रेशर प्लांट चलाया जा सकता है? क्या वन क्षेत्र में बिना वन विभाग की एनओसी के कोई गतिविधि संचालित की जा सकती है? और बिना अनुमति के ब्लास्टिंग कैसे हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि क्रेशर प्लांट को शासन-प्रशासन की अनुमति नहीं है तो वह लंबे समय से कैसे संचालित हो रहा है और इसके पीछे किसका संरक्षण है, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बस्तर के जल, जंगल और जमीन पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।
सुकमा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी ने भी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि तुमलपाड़ में बेशकीमती गिट्टी का अवैध रूप से उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को ग्रामीणों की शिकायतों पर कार्रवाई करनी चाहिए और यदि क्रेशर प्लांट अवैध पाया जाता है, तो उसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। हरीश कवासी ने चेतावनी दी कि यदि क्रेशर प्लांट बंद नहीं किया गया तो कांग्रेस ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर अध्यक्ष लालू राठौर, जिला पंचायत सुकमा अध्यक्ष सोयम मंगम्मा, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतीया उद्दे, जनपद सदस्य मनोज अवलम, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, पुरुषोत्तम सल्लुर, वेणुगोपाल राजू, प्रवीण डोंगरे, बब्बू राठी, मुन्ना कुरसम, रामलू सोढ़ी, गुू कोरसा, विनोद तालुकदार, वीरेंद्र वासम, कोसा अवलम, शंकर खटबिना, सुकदास, लक्ष्मण कोरसा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बबिता माडवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अदम्मा मड़कम, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश पोंदी, वरिष्ठ कांग्रेसी रंजू कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे