वोट बचाओ, देश बचाओ के नारे के साथ कांग्रेस ने निकाला संविधान रक्षा मार्च
- गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकली रैली
रायपुर, 26 नवंबर (हि. स.)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत राजधानी रायपुर में संविधान रक्षा मार्च निकाला।
एआईसीसी के निर्देश पर आयोजित यह मार्च ऐतिहासिक गांधी मैदान से शुरू होकर अंबेडकर चौक पहुंचा। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के नेतृत्व में निकले इस मार्च में हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च के समापन पर अंबेडकर चौक में आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने तथा मताधिकार से जुड़े अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। इस दौरान संविधान की रक्षा और नागरिकों के मतदान के अधिकार को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया।
प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने कहा कि, संविधान बचाने का आंदोलन जारी रहेगा और कांग्रेस की आवाज दिल्ली तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संविधान गरीबों, मजदूरों, किसानों, आदिवासियों और देश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान एवं अधिकारों का आधार है। सरकार से बड़ा संविधान और सत्ता की कुर्सी से बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ने तथा 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि संविधान नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति और अपनी सरकार चुनने का अधिकार देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार मनमानी कर रही है और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को बेचने के साथ जल, जंगल और जमीन पर आम जनता के अधिकारों को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने बलिदान देकर आजादी दिलाई और संविधान के माध्यम से जनता को शासन का अधिकार दिया। उन्होंने भाजपा पर जाति-धर्म के नाम पर समाज को बांटने, संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग और आदिवासियों को उनके अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने किया। मार्च में पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश एवं जिला कांग्रेस पदाधिकारी, युवा कांग्रेस और सेवादल के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर