कांग्रेस ने टेंडर में एआई से बने दस्तावेज फर्जी तरीके से अपलोड करने के लगाए आरोप
कांकेर, 28 नवंबर (हि.स.)। नगर पालिका कांकेर में निविदा प्रक्रिया (टेंडर) में कथित फर्जीवाड़े का मामले में करीब 40 लाख रुपये के टेंडर में कूटरचना और फर्जीवाड़े का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने आज शनिवार काे कांकेर कलेक्टर कुंदन कुमार और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन मेरिया से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और एफआईआर की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि विभागीय वेबसाइट पर फर्जी तरीके से टेंडर अपलोड किए गए हैं। इस मामले में पहले नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक से भी शिकायत कर पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है।
कांकेर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष यासीन कराणी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाते हुए कहा कि चेटजीपीटी (एआई) से तैयार किए गए कथित फर्जी टेंडर आखिर विभागीय वेबसाइट पर कैसे अपलोड हो गए? इसके लिए किस आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल किया गया? कांग्रेस नेताओं ने विभागीय वेबसाइट www.uad.cg.gov.in पर नगर पंचायत नरहरपुर के टेंडर क्रमांक 1033 और नगर पालिका कांकेर के टेंडर क्रमांक 1340 को अपलोड करने वाले व्यक्ति, अपलोड की तारीख और समय की जांच करने की मांग की है।
नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष अजय रेणु ने इस मामले के साथ दो अन्य निविदाओं की भी जांच की मांग उठाई। इनमें कांकेर का टेंडर क्रमांक 1991, जिसकी विक्रय फार्म तिथि 03 मार्च 2026 है और नरहरपुर का टेंडर सूचना क्रमांक 629, जिसकी विक्रय फार्म तिथि 12 मार्च 2026 है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से निविदा प्रक्रिया में कूटरचना की गई है। उन्होंने पूरे मामले में तकनीकी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन मेरिया ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की ओर से निविदा को लेकर शिकायत दी गई है। संबंधित अवधि में वे अवकाश पर थे, इसलिए उन्हें पूरे मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है। फिलहाल दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक ने कहा कि कांग्रेस पदाधिकारी उनसे भी इस मामले में मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह तकनीकी विषय है, इसलिए इसकी वास्तविक स्थिति सीएमओ और तकनीकी अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पूरा कांकेर शहर हम सबका है, विकास कार्यों में कोई भेदभाव नहीं है, सभी जगह फंड बराबर जा रहा है। टेंडर से जुड़े मामले में यदि निविदा प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे