योग शिविर से ग्रामीणों को दिया गया स्वस्थ जीवन जीने का संदेश

 


25 दिवसीय सह-योग शिक्षक शिक्षण शिविर का हुआ समापन

समारोह में 55 योग साधकों एवं 65 विद्यार्थियों ने लिया भाग

धमतरी, 19 जून (हि.स.)। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान में 25 मई से 18 जून तक ग्राम खट्टी, करेली बड़ी (तहसील मगरलोड) में आयोजित 25 दिवसीय सह-योगशिक्षक शिक्षण का समापन हुआ। शिविर में 29 प्रशिक्षार्थियों ने सहभागिता कर सह-योग शिक्षक बनने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन सुबह संगीतमय वातावरण में योगाभ्यास कराया गया तथा सायंकालीन सत्रों में योग, आयुर्वेद, जड़ी-बूटी, स्वास्थ्य जागरूकता, यज्ञ विज्ञान, संस्कार, विज्ञान एवं आध्यात्म का समन्वय, अष्टांग योग, आदर्श दिनचर्या, भगवद्गीता तथा विभिन्न ज्ञानवर्धक विषयों पर चर्चा की गई। शिविर का संचालन योग प्रशिक्षक मुकेश कुमार सोनकर, भागीरथी सोनकर एवं कमल राम साहू द्वारा किया गया। समापन समारोह में 55 योग साधकों एवं 65 विद्यार्थियों ने भाग लिया और योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार साहू रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर पंचायत करेली बड़ी-खट्टी के अध्यक्ष महेंद्र साहू, उपाध्यक्ष टोपराम सोनकर, युवा मोर्चा अध्यक्ष छविराम साहू, भारतीय शिक्षा बोर्ड छत्तीसगढ़ के राज्य प्रभारी छबिराम साहू, पतंजलि किसान सेवा समिति के सह-राज्य प्रभारी निकेश साहू, पतंजलि कार्यालय प्रभारी हेमंत साहू, जिला योग समिति धमतरी के प्रभारी मुकेश कुमार सोनकर, भारत स्वाभिमान के गीतेश प्रजापति, किसान सेवा समिति के कौशल प्रसाद साहू, कोषाध्यक्ष भागीरथी सोनकर, महामंत्री चंद्रहास साहू, योग शिक्षक कमल साहू, टोमन साहू सहित बड़ी संख्या में योग साधक, ग्रामीणजन एवं पतंजलि परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि, योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है। कार्यक्रम ग्राम पटेल भागवत साहू, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमलाल सोनकर, ग्राम पंच यशवंत साहू सहित ग्रामवासियों एवं पतंजलि परिवार के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा