जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ी दिखा रहे दम

 


ग्रीष्मकालीन खेल शिविर के समापन पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता शुरू

धमतरी, 06 जून (हि.स.)। जिले में संचालित 30 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आरंभ छह जून को हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन कराते, वालीबाल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती एवं बैडमिंटन स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और कौशल परिचय दिया।

ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षित कर उनकी प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक स्तर के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जिले में नौ मई से आठ जून तक ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इस प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर छह एवं आठ जून को दो दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। शनिवार को प्रतियोगिता के आरंभ अवसर पर कराते, वालीबाल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती एवं बैडमिंटन सहित पांच खेलों में विभिन्न आयु एवं वजन वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की गई। जिसमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

इंडोर स्टेडियम में आयोजित कराटे स्पर्धा में बालक वर्ग के -45, -50 व -55 किलोग्राम में क्रमशः भाविक साहू, शिवम यादव व हर्ष नाग प्रथम और युवान ढीमर, अनंत शिव व विपिन पटेल द्वितीय रहे। वहीं बालिका वर्ग के -42, -47 व -52 किग्रा में हंसिका सार्वा, निहारिका सोनकर एवं प्रगति सेन प्रथम और गौरी चक्रधारी, रुचिका चक्रधारी व अनुश्री सिन्हा द्वितीय स्थान पर रहीं। सहायक जिला खेल अधिकारी जेपी देव ने बताया कि जिले में पहली बार ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य 30 दिनों के प्रशिक्षण के दौरान बच्चों के प्रदर्शन और खेल कौशल का आकलन करना है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष के शिविर में 1160 पंजीकृत खिलाड़ियों ने 25 खेल विधाओं में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान 22 व्यायाम शिक्षक, पांच खेल संघ एवं नौ खेल क्लब के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों से अवगत कराया गया। इस दौरान खिलाड़ियों को खेलों में फिटनेस, अनुशासन और लगन के महत्व पर भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। आठ जून को समापन अवसर पर योगासन एवं तीरंदाजी स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही जिले के चयनित अग्निवीर युवाओं एवं विजेता खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा