प्रगतिरत विकास कार्य समय पर पूरा करें, लापरवाही पर एजेंसियों को करें ब्लैकलिस्ट : उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन

 


दर्री और सर्वमंगला जोन के 20 वार्डों के विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश

कोरबा, 09 मई (हि.स.)। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने नगर पालिक निगम कोरबा के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए तथा जो कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुए हैं, उन्हें शीघ्र शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य प्रारंभ करने में देरी करने अथवा बीच में कार्य बंद करने वाली निर्माण एजेंसियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर एजेंसियों की अमानत राशि राजसात कर उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जाए।

उद्योग मंत्री देवांगन ने शनिवार काे यह निर्देश नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन और सर्वमंगला नगर जोन में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में महापौर संजूदेवी राजपूत, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा संबंधित वार्ड पार्षद मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि दर्री और सर्वमंगला जोन में कुल 166 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें दर्री जोन के 14 वार्डों में स्वीकृत 112 कार्यों में से 45 पूर्ण, 45 प्रगतिरत तथा 22 अप्रारंभ हैं। वहीं सर्वमंगला नगर जोन के 6 वार्डों में स्वीकृत 54 कार्यों में 28 पूर्ण, 14 प्रगतिरत और 12 कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हो सके हैं।

अप्रारंभ कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री देवांगन ने अधिकारियों को संबंधित निर्माण एजेंसियों को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं जिन कार्यों को बीच में रोक दिया गया है, उन पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसियों को तत्काल काम शुरू करने का निर्देश दिया जाए, अन्यथा कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास एवं निर्माण कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री निर्धारित मानकों के अनुरूप हो और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

बैठक में जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना मद, वित्त आयोग मद, मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, विधायक निधि, महापौर निधि, पार्षद निधि, सीएसआर मद सहित विभिन्न मदों से स्वीकृत कार्यों की वार्डवार समीक्षा की गई। इनमें सीसी रोड, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी भवन, शौचालय, सांस्कृतिक मंच, मुक्तिधाम, घाट-पचरी, तालाब गहरीकरण, पेयजल व्यवस्था, विद्युत विस्तार एवं स्ट्रीट लाइट से जुड़े कार्य शामिल रहे।

उद्योग मंत्री देवांगन ने साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता कार्यों में और अधिक कसावट लाई जाए। उन्होंने कहा कि पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में कोरबा ने देशभर में 8वां स्थान प्राप्त किया था और अब सभी को मिलकर शहर को देश में नंबर-1 बनाने के लिए प्रयास करना होगा।

पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी वार्डों एवं बस्तियों में नियमित और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। पाइपलाइन खराब होने या अन्य कारणों से जलापूर्ति बाधित होने पर तत्काल टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए ताकि गर्मी के मौसम में नागरिकों को परेशानी न हो।

उन्होंने स्ट्रीट लाइट स्थापना कार्य में तेजी लाने तथा जिन वार्डों में कार्य चल रहा है वहां एक साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

बैठक के दौरान मंत्री देवांगन ने पार्षदों से कहा कि वार्डों में अत्यंत आवश्यक विकास कार्यों की सूची उन्हें उपलब्ध कराई जाए, ताकि शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाकर आवश्यक कार्य कराए जा सकें।

इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का समयसीमा में निराकरण किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी