20 दिन में पूरा करें जनमन योजना के हास्टल का निर्माण : कलेक्टर मिश्रा
जनमन योजना के हास्टल का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
कमार जनजाति के बच्चों को मिलेगी शिक्षा के साथ आवासीय सुविधा
धमतरी, 27 अगस्त (हि.स.)। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गुरुवार काे बाजारकुर्रीडीह में जनमन योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन 50 सीटर आवासीय हॉस्टल का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण करते हुए निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता, कार्य की समय-सीमा तथा आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने विद्यालय में प्रस्तावित पेयजल, शौचालय और विद्युत व्यवस्था के साथ भवन की सुरक्षा एवं निर्माण मानकों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और शेष कार्य 20 दिनों के भीतर पूरा कराया जाए। कलेक्टर ने कहा कि आवासीय विद्यालय के तैयार होने से कमार जनजाति के बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ आवासीय सुविधा भी उपलब्ध होगी। जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनके बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विमल साहू सहित पंचायत पदाधिकारी, जनजातीय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा