सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन के लिए 15 गांवों का होगा चयन
11 सितंबर को जिला स्तरीय समिति की बैठक, संरक्षण और प्रबंधन योजना पर होगी चर्चा
बलरामपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। वन अधिकार अधिनियम के तहत धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर प्रबंधन की दिशा में जिले के 15 गांवों का चयन किया जाएगा। इसे लेकर 11 सितंबर को जिलास्तरीय सामुदायिक वन संसाधन निगरानी समिति की बैठक आयोजित होगी।
बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में सुबह 11 बजे होगी। इसमें सामुदायिक वन संसाधन संरक्षण, संवर्धन एवं प्रबंधन योजना के लिए प्रस्तावित 15 गांवों के चयन पर चर्चा की जाएगी। साथ ही चयनित ग्राम सभाओं को तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सीएसओ या स्थानीय संस्था के चयन सहित अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
अभियान के तहत सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण और उनके बेहतर उपयोग के लिए ग्राम स्तर पर सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। ग्राम सभाओं की भूमिका को मजबूत करते हुए वन संसाधनों के प्रबंधन की योजनाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय