दर्री क्षेत्र के विभिन्न वार्ड व बस्तियों में पहुंचे आयुक्त, निर्माणाधीन विकास कार्यो का किया औचक निरीक्षण

 


कोरबा ,30 जुलाई (हि. स.)। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने आज निगम के दर्री जोन के विभिन्न वार्डो व बस्तियों का दौरा कर वहाॅं पर चल रहे विकास व निर्माण कार्यो की कार्यप्रगति का मौके पर निरीक्षण किया, कार्यो की गुणवत्ता को देखा तथा गुणवत्ता पर कड़ी नजर रखने व समयसीमा में कार्यो को पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय अधिकारियों की टीम के साथ नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोनांतर्गत आने वाले विभिन्न बस्तियों व मोहल्लों का मैराथन दौरा किया तथा वार्ड व बस्तियों में प्रगतिरत निर्माण कार्यो का औचक निरीक्षण कर कार्यो की कार्यप्रगति का धरातलीय स्तर पर अवलोकन किया। इस दौरान आयुक्त श्री पाण्डेय अयोध्यापुरी बस्ती पहुंचे, वहाॅं पर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों का निरीक्षण किया, उनकी गुणवत्ता को देखा तथा निर्माण कार्यो के दौरान उत्पन्न अवरोधों को दूर कर कार्यो में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

इसी प्रकार अयोध्यापुरी में स्थित तालाब का किये गये गहरीकरण कार्य का अवलोकन भी आयुक्त श्री पाण्डेय ने किया। उन्होंने अयोध्यापुरी बस्ती के अंदर विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण करते हुये बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था को देखा तथा पानी निकासी में आने वाले अवरोधों को तत्काल दूर करने एवं निरंतर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। अयोध्यापुरी बस्ती में निगम द्वारा नाली का निर्माण कराया जाना हैं, आयुक्त श्री पाण्डेय ने उक्त साईड का भी निरीक्षण किया। इसी प्रकार मेन रोड दर्री में निर्माणाधीन बाउण्ड्रीवाल के निर्माण कार्य तथा तुलसीनगर प्राथमिक शाला भवन निर्माण कार्य का निरीक्षण कर आयुक्त श्री पाण्डेय ने किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिये। इस मौके पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सरोज शांडिल्य, एल्डरमेन मनोज अग्रवाल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन कमिश्नर लीलाधर पटेल, सहायक अभियंता यशवंत जोगी, प्रमोद जगत आदि सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा निर्माण एजेंसी के माध्यम से अयोध्यापुरी में स्कूल भवन का निर्माण कार्य कराया जा रहा है, आयुक्त श्री पाण्डेय ने उक्त प्रगतिरत निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण में पाया गया कि उक्त निर्माण कार्य का ऊपरी हिस्सा निर्धारित मानदण्डों के अनुरूप नहीं है, जिसे गंभीरता से लेते हुये आयुक्त श्री पाण्डेय ने उक्त ऊपरी निर्माण कार्य को तोड़कर पुनः निर्धारित मानदण्डों के अनुरूप निर्माण कार्य कराये जाने के निर्देश अधिकारियों व निर्माण एजेंसी को दिये।

भ्रमण के दौरान कुछ स्थानों पर दिन को भी स्ट्रीट लाईट जल रही थी तथा समय पर इन लाईटों को बंद नहीं किया गया था, इस पर आयुक्त श्री पाण्डेय गहरी नाराजगी जताई तथा तत्काल स्ट्रीट लाईट को बंद किये जाने के निर्देश दिये।

भ्रमण के दौरान आयुक्त ने पाया कि अयोध्यापुरी क्षेत्र के कुछ दुकानों के सामने दुकानों से निकले हुये कचरे को डम्प कर दिया गया है, जिससे गंदगी फैल रही है, इसे गंभीरता से लेते हुये उन्होने संबंधित दुकानदारों पर अर्थदण्ड लगाने तथा वहाॅं की साफ-सफाई कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

आयुक्त श्री पाण्डेय ने बस्तियों के साफ-सफाई कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होने नालियों की नियमित सफाई, सफाई के पश्चात एकत्रित अपशिष्ट का तुरंत उठाव एवं परिवहन किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि साफ-सफाई कार्यो पर विशेष ध्यान दें तथा डोर-टू-डोर अपशिष्ट संग्रहण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाए।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी