बलौदाबाजार : पीडीएस दुकान का निरीक्षण कर कलेक्टर ने ली राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी
बलौदाबाजार, 5 जुलाई (हि. स.)। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आज रविवार को ग्राम खम्हारडीह स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर राशन वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राशन लेने आई महिलाओं एवं ग्रामीणों से चर्चा कर समय पर एवं निर्धारित मात्रा में राशन मिलने की जानकारी ली।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से शक्कर की कीमत के संबंध में भी जानकारी लेते हुए पूछा कि, उन्हें शक्कर कितने रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिल रही है। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित मात्रा एवं दर पर समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वीबी जीरामजी योजना के तहत ग्राम खम्हारडीह में निर्माणाधीन नवीन पीडीएस भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर नए भवन से पीडीएस दुकान का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य से गांव के स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल रहा है, जिससे ग्रामीणों की आजीविका को बढ़ावा मिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर