सेवा संकल्प अभियान को लेकर कलेक्टर ने तय की कार्ययोजना, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर सख्ती

 


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, कलेक्टर ने कहा- शिकायत का निराकरण नागरिक की संतुष्टि से हो

बलरामपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज सोमवार को समय-सीमा की बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने अभियान की रूपरेखा और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी। कलेक्टर ने अभियान के लिए कैलेंडर आधारित कार्ययोजना तैयार करने के साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि 25 वर्षों की जनसेवा और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प से जिले के अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ा जाए। इसके लिए अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और जिलास्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। लोक निर्माण, कृषि, खाद्य, श्रम, राजस्व और पंचायत विभाग से निराकृत प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में केवल संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाधान की गुणवत्ता और शिकायतकर्ता का फीडबैक भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने अधिकारियों को स्वयं प्रकरणों की निगरानी करने तथा शिकायत बंद होने के बाद संबंधित आवेदक से संपर्क कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उसे वास्तव में राहत मिली है या नहीं। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शिकायत का निपटारा केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि नागरिक की संतुष्टि के आधार पर होना चाहिए।

समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को शिकायतों के मूल कारणों की पहचान कर स्थायी समाधान की दिशा में काम करने को कहा। उन्होंने विभाग प्रमुखों को अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा लंबित प्रकरणों के लिए स्पष्ट ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों का अनावश्यक रूप से लंबित रहना रोका जा सके।

कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन शासन और आम नागरिक के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। नागरिक अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद से यहां शिकायत दर्ज कराता है, इसलिए जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में राज्य शासन के प्रस्तावित सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की जिला स्तरीय तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अभियान की प्रगति की निगरानी एकीकृत सुघ्घर छत्तीसगढ़ डैशबोर्ड के माध्यम से की जाएगी। इसमें ग्राम स्तर तक योजनाओं की स्थिति और शेष हितग्राहियों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। कलेक्टर ने डैशबोर्ड पर सभी आवश्यक जानकारियां समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए और नियमित समीक्षा की बात कही।

विकास कार्यों की प्रगति और विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने एनआरएलएम के अधिकारियों को महिला सशक्तिकरण के लिए ठोस पहल करने और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक प्रगति को स्थायी आधार देने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री जन शिकायत, मुख्यमंत्री जन चौपाल, पीएमओ पोर्टल और कलेक्टर कार्यालय में प्राप्त जनसमस्याओं एवं मांगों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, प्रमोद गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय, सभी अनुविभागीय अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय