अकलतरा की पेयजल समस्या पर कलेक्टर का संज्ञान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर जताई कड़ी नाराजगी
अपर कलेक्टर, एसडीएम ने वार्डों एवं जलापूर्ति व्यवस्था का किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 21 जून (हि. स.)। अकलतरा नगर के कुछ वार्डों में पेयजल आपूर्ति संबंधी समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संज्ञान लिया। कलेक्टर के निर्देश पर आज रविवार काे अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम सुमित बघेल सहित अधिकारियों ने अकलतरा पहुंचकर प्रभावित वार्डों का निरीक्षण किया तथा पेयजल टंकियों एवं जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर ने नगर पालिका के अधिकारियों को पेयजल समस्या के त्वरित एवं स्थायी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में पेयजल आपूर्ति के लिए निर्धारित समय सुनिश्चित किया जाए, ताकि सभी वार्डों के नागरिकों को समान रूप से पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि हाल ही में किए गए अतिरिक्त बोरों को शीघ्र मुख्य जलापूर्ति लाइन से जोड़ने की कार्रवाई पूर्ण की जाए, जिससे पेयजल उपलब्धता में सुधार हो सके।
कलेक्टर महोबे ने कहा कि नागरिकों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर पालिका अकलतरा के सीएमओ की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि पेयजल संकट के समाधान हेतु युद्धस्तर पर कार्य किया जाए।
कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यक तकनीकी सुधार तथा वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा आमजन को राहत पहुंचाने हेतु जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT