जांजगीर-चांपा : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने कलेक्टर-एसपी ने ली बैठक

 


जांजगीर-चांपा, 26 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय, राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सड़क दुर्घटनाओं की आशंका वाले क्षेत्रों और चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थानों पर जरूरत के अनुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, कैट आई और रम्बल स्ट्रिप लगाने को कहा। इसके साथ ही रात के समय वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यकतानुसार सोलर लाइट लगाने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सड़क निर्माण कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन सड़कों पर वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरत के अनुसार रूट डायवर्सन की व्यवस्था की जाए। निर्माण कार्यों के दौरान यातायात संचालन की उचित योजना तैयार कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों और जिले की प्रमुख सड़कों पर यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने के निर्देश भी दिए। इसके लिए राजस्व विभाग, पुलिस, नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों की समस्या पर नियंत्रण करने, आवश्यक यातायात संकेतक लगाने और सड़क सुरक्षा उपायों की नियमित निगरानी करने पर भी चर्चा हुई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बचाई जा सके। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT